पिथौरागढ़। विकासखंड बिण के ग्राम घुनसेरा निवासी श्रीमती रेखा भट्ट आज महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायक मिसाल बन चुकी हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से जुड़कर उन्होंने न केवल अपनी आजीविका को मजबूत किया, बल्कि क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की राह दिखाई है।

रेखा भट्ट वर्तमान में NRLM से जुड़ी हैं और हरू सैम देवता स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष हैं। समूह को सीआईएफ के अंतर्गत ₹75 हजार, सीसीएल के तहत ₹2 लाख तथा आरएफ के रूप में ₹25 हजार की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। इस सहयोग के माध्यम से उन्होंने आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने के साथ ही स्वयं सहायता समूह को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

महिला सशक्तिकरण और आजीविका के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए उन्हें वर्ष 2025 में तीलू रौतेली पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके निरंतर प्रयासों और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की पहचान है।

‘सरस’ केंद्र से पहाड़ी उत्पादों को मिल रहा बाजार वर्तमान में रेखा भट्ट NRLM के ‘सरस’ केंद्र का संचालन कर रही हैं। इस केंद्र से जनपद के लगभग 5,000 स्वयं सहायता समूह जुड़े हुए हैं। विभिन्न समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय और पहाड़ी उत्पादों को ‘सरस’ केंद्र के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।

केंद्र में ग्रीन टी, हर्बल टी, बेरीनाग टी, मंडुवे के बिस्किट, मंडुवे का आटा, मक्के का आटा, पहाड़ी राजमा, विभिन्न प्रकार की पहाड़ी दालें, पहाड़ी शहद और पहाड़ी घी समेत अनेक स्थानीय उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। इससे स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए बाजार मिल रहा है और उनकी आय के अवसर बढ़ रहे हैं।

रेखा भट्ट की सफलता यह साबित करती है कि स्वयं सहायता समूह, सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहयोग और बाजार की सुविधा के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ ही अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन सकती हैं।

प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। रेखा भट्ट की सफलता इसी अभियान की एक प्रेरणादायक मिसाल है।

_ vani news