पिथौरागढ़। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल सात लोगों को हिरासत में लिया।

कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र के जीआईसी रोड स्थित शनि मंदिर के पास आए दिन लड़ाई-झगड़े और अराजकता की शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान दीपक सिंह धामी, उमेश धामी, महेश धामी, युवराज धामी, विशाल धामी और दिपांशु धामी को आपस में लड़ाई-झगड़ा कर हंगामा करते हुए पाया गया।

पुलिस टीम ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके द्वारा पुलिस के निर्देशों की अवहेलना करते हुए हंगामा जारी रखा गया। इसके बाद अपर उपनिरीक्षक भुवन राम आर्या ने पुलिस टीम के साथ सभी छह युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।

वहीं, थाना बलुवाकोट क्षेत्र में लोकेश दरियाल द्वारा हल्ला-गुल्ला कर उत्पात मचाने और पुलिस अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने पर हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार ने उन्हें हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने और सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।