डीडीहाट। डीडीहाट क्षेत्र के प्रमुख एवं पौराणिक धार्मिक आयोजनों में शामिल सिराकोट चतुर्दशी कौतिक को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। मेले के आयोजन को लेकर मलयनाथ मंदिर डीडीहाट में मंदिर समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंदिर कमेटी के अध्यक्ष रवि डसीला ने की। बैठक में मेले की व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
23 और 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस पौराणिक मेले में धार्मिक आस्था के साथ-साथ उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। मेले के दौरान रामलीला मैदान डीडीहाट से SSB गेट तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसमें डीडीहाट नगर सहित आसपास के गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण शामिल होंगे।
कलश यात्रा के बाद मलयनाथ मंदिर परिसर में दिन-रात धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं द्वारा भजन-कीर्तन, झोड़ा सहित विभिन्न लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण के साथ लोक संस्कृति के रंग में रंगा नजर आएगा।
व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां तेज मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर समिति द्वारा साफ-सफाई, पेयजल, बिजली एवं प्रकाश, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के आवागमन समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारी की जा रही है।
सिराकोट चतुर्दशी कौतिक डीडीहाट की धार्मिक आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। हर वर्ष क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लोग उत्साह के साथ इस मेले में शामिल होते हैं।
मंदिर समिति ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर मलयनाथ स्वामी के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
हिटो सिराकोट कौतिक 🙏



