पिथौरागढ़। दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सुविधा के लिए लोगों को लंबा सफर न करना पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव पहुंच रही है। इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेजम की टीम ने होकरा गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया। शिविर में 86 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
गांव में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना गया और जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श व उपचार दिया गया। दूरस्थ क्षेत्र में शिविर लगने से ग्रामीणों को जांच के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ी।
शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ. नीतीश भट्ट, नर्सिंग ऑफिसर पवन रावत, एएनएम कमला शर्मा और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कुसुम बेलवाल ने ग्रामीणों की जांच की। टीम ने लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और खान-पान व दिनचर्या को लेकर भी जरूरी जानकारी दी।
ग्रामीणों ने कहा कि दुर्गम क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगने से उन्हें काफी सुविधा मिली है। सामान्य जांच और उपचार के लिए दूर जाने की परेशानी से भी राहत मिली।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल ने कहा कि जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके आसपास ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विभाग का फोकस है। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को समय पर जांच और उपचार मिल सके। _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज


