पिथौरागढ़। चीन सीमा से सटे वाइब्रेंट विलेज कुटी के ज्योलिंगकांग में 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध आदि कैलाश के शिव-पार्वती मंदिर के कपाट आगामी 5 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद श्रद्धालु इस वर्ष मंदिर में पूजा-अर्चना नहीं कर सकेंगे। मंदिर के कपाट अगले वर्ष मई माह में पुनः खोले जाएंगे।
ग्राम प्रधान कुटी नगेंद्र सिंह कुटियाल, आदि कैलाश विकास समिति के पुनीत कुटियाल तथा मंदिर के पुजारी गोपाल सिंह कुटियाल और वीरेंद्र सिंह कुटियाल ने बताया कि नवंबर माह में क्षेत्र में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए मंदिर समिति और ग्रामीणों की आपसी सहमति से हर वर्ष की परंपरा के अनुसार कपाट बंद करने का निर्णय लिया गया है। 5 नवंबर को विशेष पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
ग्राम प्रधान नगेंद्र सिंह कुटियाल और आदि कैलाश विकास समिति के अध्यक्ष पुनीत कुटियाल ने बताया कि कपाट बंद होने की सूचना जिला प्रशासन को दे दी गई है। उन्होंने आदि कैलाश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 5 नवंबर की निर्धारित तिथि को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। कपाट बंद होने के बाद कुटी गांव के सभी ग्रामीण भी निचली घाटी की ओर लौट जाएंगे।
वहीं, एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि 30 अक्टूबर को यात्रा के लिए 200 परमिट जारी किए गए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 1 मई से 30 अक्टूबर तक कुल 70,387 यात्रा परमिट जारी किए जा चुके हैं।


