पिथौरागढ़। आदि कैलाश क्षेत्र में आगामी 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली अल्ट्रा मैराथन को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आयोजन से जुड़ी विभिन्न तैयारियों, व्यवस्थाओं और व्यवस्थापन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अल्ट्रा मैराथन के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चिकित्सा व्यवस्था, आवागमन, पेयजल, मार्ग व्यवस्था सहित अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने कहा कि आदि कैलाश क्षेत्र में आयोजित होने वाली यह अल्ट्रा मैराथन जनपद में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से आदि कैलाश क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाने के निर्देश दिए। साथ ही तैयारियों में किसी भी स्तर पर कमी न रहने देने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।