देहरादून। उत्तराखण्ड पुलिस की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य और अनुशासन को नई पहचान देने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तराखण्ड पुलिस के नवीन ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और नई सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस के नए गौरव चिह्न केवल प्रतीकों और वर्दी में बदलाव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये पुलिस बल की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक हैं। उन्होंने पुलिस के नए ध्येय वाक्य 'कर्म सत्यं शौर्यम्' को अपने आचरण और कार्यशैली में आत्मसात करने का आह्वान किया।

6 नवंबर को उत्तराखण्ड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि आगामी 6 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित 'राष्ट्रपति पुलिस कलर' से अलंकृत करेंगे। यह राज्य पुलिस बल के लिए गौरव और सम्मान का महत्वपूर्ण अवसर होगा। इस विशेष समारोह में उत्तराखण्ड पुलिस के जवान नवीन सेरेमोनियल वर्दी में परेड में प्रतिभाग करेंगे।

नए प्रतीक चिह्न में झलकेगी देवभूमि की पहचान उत्तराखण्ड पुलिस के नए प्रतीक चिह्नों में राज्य की सांस्कृतिक और भौगोलिक पहचान को विशेष स्थान दिया गया है। इसमें अशोक स्तंभ, सत्यमेव जयते, स्वर्णिम लॉरेल रीथ, हिमालय और नदी को शामिल किया गया है। ये चिह्न पुलिस के संवैधानिक दायित्व, सत्यनिष्ठा, साहस और जनसेवा के संकल्प को प्रदर्शित करते हैं।

वहीं, पुलिस के पुराने तीन रंगों वाले ध्वज के स्थान पर गहरे नीले रंग की पृष्ठभूमि वाला नवीन ध्वज अपनाया गया है, जिसमें लाल और स्वर्णिम किनारे शामिल किए गए हैं।

उत्तराखण्ड पुलिस की इस नई पहचान का उद्देश्य पुलिस बल में गौरव, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और मजबूत करना है। नई वर्दी और प्रतीक चिह्नों के माध्यम से पुलिस की गौरवशाली परंपराओं को आधुनिक स्वरूप देने के साथ देवभूमि उत्तराखण्ड की विशिष्ट पहचान को भी प्रदर्शित किया गया है।