चम्पावत। अपनी प्रतिभा, मेहनत और तकनीकी नवाचार से जनपद चम्पावत का नाम रोशन करने वाले युवा राहुल नरियाल को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सम्मानित किया। सोलर कार तैयार करने की उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने राहुल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके पिता भैरव दत्त नरियाल और माता बसंती देवी को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा बेटे की उपलब्धि पर बधाई दी गई।
चम्पावत के मादली निवासी राहुल नरियाल इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र हैं। उन्होंने करीब एक महीने के प्रयास और लगभग 40 हजार रुपये की लागत से एक व्यक्ति के बैठने की क्षमता वाली सोलर कार तैयार की है। उनकी इस उपलब्धि ने वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में उनकी रचनात्मक सोच को प्रदर्शित किया है।
राहुल वर्तमान में डेराबस्सी स्थित लोंगोवाल पॉलीटेक्निक कॉलेज में अध्ययनरत हैं। पढ़ाई के साथ तकनीकी ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग करते हुए सोलर कार तैयार करना उनकी मेहनत, लगन और नवाचार के प्रति रुचि को दर्शाता है। उनकी यह पहल अन्य विद्यार्थियों और युवाओं को भी नए प्रयोग करने तथा तकनीक के माध्यम से कुछ नया करने के लिए प्रेरित करेगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पूर्व में राहुल नरियाल को उनकी इस उपलब्धि के लिए सम्मानित कर चुके हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राहुल के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी इसी उत्साह एवं लगन के साथ तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
राहुल नरियाल की यह उपलब्धि जनपद के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। सीमित संसाधनों में अपने हुनर और मेहनत से नई तकनीक विकसित करने का उनका प्रयास यह संदेश देता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और रचनात्मक सोच से नए अवसरों का निर्माण किया जा सकता है।


