डीडीहाट। सज्जन लाल मेमोरियल सोसाइटी में निःशुल्क शिक्षा ग्रहण कर रहे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए आयोजित एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण नए अनुभवों और सीख से भरपूर रहा। भ्रमण दल में बच्चों और सोसाइटी के स्टाफ सहित करीब 30 लोग शामिल रहे।

शैक्षिक भ्रमण के दौरान गांव के कई बच्चों ने पहली बार सिनेमा हॉल पहुंचकर बड़े पर्दे पर फिल्म देखने का अनुभव हासिल किया। बच्चों ने फिल्म का आनंद लेने के साथ ही सिनेमा और फिल्म जगत से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों तथा इनमें उपलब्ध संभावित करियर विकल्पों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। सोसाइटी की ओर से बताया गया कि इस तरह के भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को कक्षा और गांव के सीमित परिवेश से बाहर निकालकर नए अनुभवों, ज्ञान और अवसरों से परिचित कराना है।

इस दौरान डीडीहाट विधायक श्री बिशन सिंह चुफाल ने सिनेमा हॉल पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। विधायक ने सज्जन लाल मेमोरियल सोसाइटी द्वारा ग्रामीण बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि श्री हरीश तिवारी, श्री संजीव जोशी, श्री योगेश चंद, श्री हरीश चंद, श्री पंकज धरियाल, श्री कुंदन बोरा एवं प्रधान श्री गोल्डी भट्ट सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सोसाइटी के संस्थापक श्री कमल किशोर ने कहा कि समाज के सहयोग से संस्था ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ नए अनुभव और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि दानदाताओं और सहयोगियों के विश्वास एवं सहयोग से ही इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने शैक्षिक भ्रमण को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

सज्जन लाल मेमोरियल सोसाइटी का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नए अनुभव, ज्ञान और अवसर उपलब्ध कराकर उनके शैक्षिक एवं सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज