पिथौरागढ़। टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के साथ ही टीबी मरीजों को बेहतर उपचार और पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में सराहनीय पहल की गई है। अभियान के तहत चिकित्सक डॉ. जेबीसी गड़कोटी और रेनू गड़कोटी ने दो टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें अतिरिक्त पोषण सहायता प्रदान करने की जिम्मेदारी उठाई है।
सोमवार, 2 नवंबर 2026 को जिला क्षय रोग अधिकारी पिथौरागढ़ के माध्यम से दोनों टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराई गई। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को उपचार के दौरान पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहयोग करना है।
डॉ. जेबीसी गड़कोटी द्वारा टीबी मरीजों को गोद लेकर पोषण सहायता प्रदान करने की पहल पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला क्षय रोग अधिकारी पिथौरागढ़ ने आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में अधिक से अधिक टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण सहायता उपलब्ध कराने की अपील की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस कुफाल ने जनपद के समस्त निजी चिकित्सकों से भी अपील की है कि वे आगे आकर अधिक से अधिक टीबी मरीजों को गोद लें और उन्हें अतिरिक्त पोषण सहायता प्रदान करें।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल दवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीजों को उचित पोषण और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराना भी बेहद जरूरी है। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही पिथौरागढ़ को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।


