थल। थल–मुवानी सड़क मार्ग पर सुवालेख के पास एक बोलेरो वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार सामने आया है। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय वाहन में दो लोग सवार बताए जा रहे थे ।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना स्थल के आसपास सड़क कीचड़युक्त थी। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ पाया है। दुर्घटना के बाद दोनों यात्री वाहन से छिटककर सड़क किनारे झाड़ियों में जा अटके।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से दोनों यात्रियों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल दोनों यात्रियों की हालत सुरक्षित बताई जा रही है।

हादसे की वास्तविक वजह और वाहन को हुए नुकसान की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी अभी प्रतीक्षित है। स्थानीय स्तर पर सड़क पर कीचड़ और फिसलन को देखते हुए इस मार्ग पर आवाजाही करने वाले वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है । _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज