थल। 57 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे थल-सातशिलिंग मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल ने नाराजगी जताई है। शनिवार को विधायक ने लोक निर्माण विभाग पिथौरागढ़ के अधिकारियों के साथ सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान सड़क की बदहाल स्थिति, अधूरे स्क्रबर और निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

विधायक चुफाल ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से धीमी गति से चल रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सात दिन के भीतर सड़क पर बने सभी गड्ढों को भरकर यातायात सुगम बनाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में गड्ढे नहीं भरे गए तो लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

25 प्रतिशत काम, 40 प्रतिशत से अधिक भुगतान पर सवाल निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य की प्रगति की तुलना में ठेकेदार को किए गए भुगतान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सड़क पर अभी लगभग 25 प्रतिशत कार्य ही पूरा हुआ है, जबकि ठेकेदार को 40 प्रतिशत से अधिक भुगतान किया जा चुका है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब तक सड़क पर डामरीकरण का कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक ठेकेदार को अग्रिम भुगतान न किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता और भुगतान प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखने को कहा।

32 स्क्रबर खोदे, छह माह में केवल 16 पूरे थल-सातशिलिंग सड़क पर स्क्रबर, कॉजवे, नालियों और डामरीकरण समेत विभिन्न निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। करीब 15 किलोमीटर के दायरे में ठेकेदार द्वारा 32 स्क्रबर खोदे गए हैं, लेकिन छह माह बीतने के बाद भी केवल 16 स्क्रबर ही पूरे हो पाए हैं।

विधायक ने अधूरे पड़े स्क्रबर और अन्य निर्माण कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को अलग-अलग हिस्सों में अधूरा छोड़ने के बजाय निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि बारिश के दौरान सड़क को और नुकसान न पहुंचे और ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कत न हो।

तीन माह में डामरीकरण पूरा करने के निर्देश विधायक चुफाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क पर डामरीकरण का काम तेजी से शुरू कर अगले तीन माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं वाहन चालकों को इससे लाभ मिलता है।

उन्होंने मौके पर निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने और कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। विधायक ने स्पष्ट किया कि जनता के पैसे से होने वाले निर्माण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

मुवानी-चौंसाली बाजार में बनेगी सीसी सड़क निरीक्षण के दौरान विधायक चुफाल के मुवानी पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मुवानी-चौंसाली बाजार में सड़क की बदहाल स्थिति की जानकारी दी। लोगों की समस्या सुनने के बाद विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौंसाली बाजार क्षेत्र में डामरीकरण के बजाय सीसी सड़क का निर्माण कराया जाए।

उन्होंने सड़क के किनारे पक्की नाली बनाने के भी निर्देश दिए, ताकि बारिश के पानी की निकासी व्यवस्थित हो सके और सड़क को नुकसान से बचाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग पिथौरागढ़ के सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सामाजिक कार्यकर्ता जीवन बोरा, ग्राम प्रधान मुवानी जगत सिंह मेहता, पूर्व प्रधान रमेश बम, भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष नवीन बसेड़ा, दीपक कार्की, कुंदन बोरा सहित कई लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट: अनिल कार्की, थल