पिथौरागढ़, 30 सितंबर 2026। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पिथौरागढ़ की ओर से आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत फूलदेई नाट्य दल समिति, पिथौरागढ़ द्वारा सरस्वती देव सिंह राजकीय इंटर कॉलेज में नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ‘विकसित भारत’ और जनगणना में सेल्फ एन्यूमरेशन (Self Enumeration) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरूकता का संदेश दिया गया। कलाकारों ने सशक्त अभिनय, संवाद और रोचक प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को जनगणना में स्वेच्छा से भाग लेने तथा सेल्फ एन्यूमरेशन की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया।
नाटक में विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और जिम्मेदारी को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। मनोरंजन के साथ सामाजिक और नागरिक जिम्मेदारियों से जुड़े संदेशों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हरीश रावत, नगर निगम पार्षद विक्की वाल्मीकि तथा प्रधानाचार्य बी.एस. बिष्ट सहित गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों समेत करीब 300 दर्शकों ने सहभागिता की।
नाटक में दिनेश कुमार, रोहित यादव, विशाल सिरौला, गौरव पार्की, साक्षी तिवारी, संजना मेहरा और दिया फर्स्वाण ने अभिनय किया।
दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। फूलदेई नाट्य दल समिति द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास ‘सेवा संकल्प अभियान’ के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।


