पिथौरागढ़। जनपद में न्यायिक प्रक्रिया को अधिक सरल, त्वरित और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शनिवार को पुलिस कार्यालय स्थित जनपदीय अभियोजन निदेशालय में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 के प्रावधानों के अनुरूप ‘न्याय श्रुति’ योजना के तहत स्थापित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रिमोट पॉइन्ट का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) यशवंत सिंह चौहान, जिलाधिकारी आशीष भटगांई एवं पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन जनपदीय अभियोजन निदेशालय की ओर से किया गया। इस दौरान सहायक निदेशक अभियोजन राकेश चंद्र, अभियोजन अधिकारी रितेश वर्मा तथा जिला शासकीय अधिवक्ता (डीजीसी) प्रमोद पंत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के दौरान अधिकारियों ने इस आधुनिक तकनीकी सुविधा की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसके माध्यम से न्यायालयीन कार्यवाही में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का प्रभावी इस्तेमाल किया जा सकेगा। गवाहों, अभियुक्तों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों की पेशी निर्धारित प्रक्रिया के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कराना आसान होगा।
इस सुविधा से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को न्यायालय तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता कम होगी। इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ-साथ अभियुक्तों की पेशी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लगने वाले पुलिस बल एवं अन्य संसाधनों का भी बेहतर उपयोग हो सकेगा।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की भावना के अनुरूप आधुनिक तकनीक का यह उपयोग न्यायिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध बनाने में सहायक साबित होगा।
जनपद में ‘न्याय श्रुति’ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रिमोट पॉइन्ट की शुरुआत को न्यायिक एवं अभियोजन व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न्यायिक कार्यों के निष्पादन में तेजी आने के साथ ही आमजन और संबंधित पक्षों को भी अनावश्यक आवागमन से राहत मिलेगी।


