चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी को शनिवार, 31 अक्टूबर को शीतकाल के लिए पर्यटकों की आवाजाही हेतु बंद कर दिया गया। इस वर्ष 1 जून को पर्यटकों के लिए खोली गई घाटी में पांच महीने के पर्यटन सीजन के दौरान सैलानियों की रिकॉर्ड आमद दर्ज की गई।
इस सीजन फूलों की घाटी में कुल 35,261 पर्यटक पहुंचे। इनमें 34,996 भारतीय और 265 विदेशी पर्यटक शामिल हैं। पर्यटकों की यह संख्या अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। पर्यटकों की आवाजाही से वन विभाग को कुल 67 लाख 7 हजार 500 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
डीएफओ श्री रजत सुमन ने घाटी के बंद होने और इस सीजन के पर्यटन आंकड़ों की जानकारी दी। वहीं, वन क्षेत्राधिकारी आशीष जिरवान के अनुसार, इस वर्ष पर्यटकों की संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं।
प्राकृतिक सौंदर्य, दुर्लभ पुष्प प्रजातियों और समृद्ध जैव विविधता के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध फूलों की घाटी हर वर्ष देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करती है। इस सीजन पर्यटकों की रिकॉर्ड संख्या ने उत्तराखंड के पर्यटन को नई पहचान देने के साथ ही चमोली जिले की अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
अब शीतकाल के चलते घाटी में पर्यटकों की आवाजाही बंद रहेगी और अगले पर्यटन सीजन में इसे फिर से सैलानियों के लिए खोला जाएगा।


