थल, पिथौरागढ़। पुंगराऊं घाटी के ग्राम दशौली निवासी संदीप चंद ने उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अंतिम परिणाम में संदीप का चयन विपणन निरीक्षक (खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग) के पद पर हुआ है। परीक्षा में कुल 113 पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है।
संदीप की सफलता की खास बात यह है कि उन्होंने किसी कोचिंग संस्थान का सहारा लिए बिना नियमित अध्ययन, अनुशासन और कड़ी मेहनत को अपनी तैयारी का आधार बनाया। उनकी सफलता ऐसे युवाओं के लिए प्रेरणादायी है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
संदीप ने कक्षा पांच तक की शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर दशौली से प्राप्त की। इसके बाद वह बरेली में अपने ताया-ताई के घर रहकर आगे की पढ़ाई करने लगे। उन्होंने बताया कि लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत और पढ़ाई में नियमितता ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
संदीप के पिता पूर्व ग्राम प्रधान राजन लोहिया हैं। अपनी सफलता का श्रेय संदीप ने माता-पिता, गुरुजनों तथा क्षेत्रवासियों के विश्वास और सहयोग को दिया है। उनका अगला लक्ष्य आईएएस बनकर समाज और प्रदेश की सेवा करना है।
संदीप के चयन की खबर मिलते ही दशौली गांव सहित पूरे पुंगराऊं घाटी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। भाजपा नेता दिनेश आर्या, सतीश जोशी, ज्योति जोशी और दीपक कार्की सहित क्षेत्र के लोगों ने संदीप को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्ट—अनिल कार्की, थल


