बेरीनाग। पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के सुख-दुख में सहभागी बनना भी है। इसी मानवीय सोच के साथ प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बेरीनाग नरेश कुमार गंगवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों का भ्रमण किया।
इस दौरान पुलिस कर्मियों ने वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद लोगों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। टीम ने बुजुर्गों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना और हरसंभव सहायता एवं सहयोग का भरोसा दिलाया।
पुलिस टीम ने विशेष रूप से अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से नियमित संपर्क बनाए रखने की बात कही। साथ ही किसी भी आपात स्थिति अथवा परेशानी की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क कर सहायता लेने की अपील की।
पुलिस के इस मानवीय पहल से ग्रामीण क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा और भरोसे की भावना मजबूत हुई। प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार गंगवार ने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के साथ-साथ उनके बीच विश्वास और सहयोग का संबंध मजबूत करने के लिए भी लगातार प्रयासरत है। _ Vaninews


