गारखा महोत्सव का भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच सफल समापन हुआ। महोत्सव के समापन अवसर पर विधायक चुफाल समेत अनेक जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में क्षेत्रीय संस्कृति, लोक परंपराओं और लोक संगीत की शानदार झलक देखने को मिली। लोकगायक दर्शन फरस्वाण के गीतों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया और पूरा माहौल लोक संगीत के रंग में रंग गया।
महोत्सव में ग्राम पंचायत बस्तड़ी की ग्राम प्रधान मंजू भट्ट ने भी प्रतिभाग कर आयोजन की शोभा बढ़ाई। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। स्थानीय कलाकारों और प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले विजेताओं को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख महिमा कन्याल ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, कलाकारों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की, ताकि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देने वाले ऐसे आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाया जा सके।
गारखा महोत्सव का सफल आयोजन क्षेत्रीय संस्कृति, लोक कला और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। महोत्सव में उमड़ी लोगों की भागीदारी ने आयोजन के प्रति क्षेत्रवासियों के उत्साह को दर्शाया।


