तेजम (मुनस्यारी ब्लॉक), पिथौरागढ़।

मुनस्यारी विकासखंड की तहसील तेजम अंतर्गत रिगुनिया गांव के बाँस तोक निवासी आन सिंह सामन्त गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे अपने मवेशियों को जंगल चराने ले जा रहे थे। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर झाड़ियों से निकलकर एक भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले के बावजूद आन सिंह सामन्त ने साहस का परिचय देते हुए भालू का डटकर सामना किया। इस दौरान भालू ने उनके बाएं हाथ को अपने जबड़ों में जकड़ लिया। आन सिंह के दाहिने हाथ में दराती थी, जिससे उन्होंने आत्मरक्षा करते हुए भालू पर दो-तीन वार किए।

घटना के समय करीब 50 मीटर पीछे उनकी पत्नी गोदावरी देवी भी मवेशियों को चरा रही थीं। उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को सतर्क किया। दराती के वार और महिला के शोर से भालू जंगल की ओर भाग गया।

हमले में आन सिंह सामन्त के बाएं हाथ, पीठ और चेहरे पर गहरे घाव आए हैं। सूचना मिलते ही गांव की कमला सामन्त सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोचर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, भालू की गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा वन्यजीवों के बढ़ते हमलों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।

रिपोर्ट: अनिल कार्की