मुनस्यारी। आपदा प्रभावित परिवार को समय पर राहत नहीं मिलने संबंधी समाचार का जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने तहसील प्रशासन को मौके पर भेजकर प्रभावित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राहत में हुई देरी पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने स्पष्ट किया कि आपदा पीड़ितों की सहायता में किसी भी स्तर पर लापरवाही या संवेदनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित परिवार को कंबल, राशन एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा के समय पीड़ितों को राहत के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं प्रभावित परिवारों तक पहुंचे और त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी राहत सुनिश्चित करे।

उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं पुनर्वास की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रभावित परिवार की स्थिति का समुचित आंकलन कर उनकी समस्याओं के दीर्घकालिक एवं स्थायी समाधान की दिशा में भी कार्य किया जाए।

डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भी स्पष्ट निर्देश हैं कि आपदा की स्थिति में प्रभावितों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, पीड़ित परिवार के सदस्य दुर्गा राम ने त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

वाणी न्यूज