पिथौरागढ़। रई क्षेत्र के शिव विहार कॉलोनी, वार्ड नंबर 7 में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक स्थानीय लोगों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। मोहल्ले में बड़ी संख्या में घूम रहे आवारा कुत्ते राह चलते लोगों और खासकर बच्चों पर हमला कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ लोगों को ये कुत्ते काट भी चुके हैं।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि आवारा कुत्तों के झुंड के चलते बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने में भी डर लग रहा है। सुबह और शाम के समय स्थिति और अधिक चिंताजनक हो जाती है। लोगों का आरोप है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही ऐसे कुत्तों को पकड़ने, और आवश्यक कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।

जब आवारा कुत्तों के हमले की शिकायतें सामने आ रही हैं और लोगों को काटे जाने की घटनाएं भी हो चुकी हैं, तो आखिर जिम्मेदार विभाग समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा? क्या किसी बच्चे के गंभीर रूप से घायल होने या किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन इस समस्या का संज्ञान लेगा?

कपिल भट्ट | वाणी न्यूज