पिथौरागढ़। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ औचक निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर अभिहित अधिकारी खाद्य संरक्षा आर.के. शर्मा के नेतृत्व में मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट और किराना प्रतिष्ठानों में खाद्य मानकों के अनुपालन की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के 11 नमूने एकत्र किए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषणशाला, देहरादून भेजने की कार्रवाई की जा रही है। जांच रिपोर्ट में यदि कोई नमूना निर्धारित खाद्य मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो संबंधित खाद्य विक्रेता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अभिहित अधिकारी आर.के. शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान गंदगी पाए जाने तथा बिना खाद्य पंजीकरण कारोबार करने पर दो खाद्य विक्रेताओं के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा मौके पर चार दर्जन सड़े केले, कालातीत अवधि के तीन पैकेट वनस्पति घी और चार पैकेट मसाले नष्ट कराए गए। संबंधित विक्रेताओं को नोटिस भी जारी किए गए हैं।
व्यापारियों को दिए जरूरी निर्देश खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने व्यापारियों को गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ ही विक्रय करने के निर्देश दिए। मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, बासी मिठाइयों की बिक्री नहीं करने तथा एक्सपायरी खाद्य सामग्री उपभोक्ताओं को न बेचने की हिदायत दी गई।
व्यापारियों को एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को अलग रखकर संबंधित कंपनी को वापस करने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और मिठाई निर्माण में लगे कर्मचारियों को हेयर नेट पहनने के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। vaninews


