पिथौरागढ़। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने तथा बच्चों और युवाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने, साइबर ठगी से बचने और किसी भी प्रकार के शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

इसी क्रम में साइबर/एसओजी/एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी द्वारा एलएसएम डिग्री कॉलेज में साइबर जागरूकता पाठशाला आयोजित की गई। उन्होंने छात्र-छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी, फर्जी जॉब ऑफर, सोशल मीडिया फ्रॉड, फिशिंग लिंक, ओटीपी एवं बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों की जानकारी दी।

उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी के साथ ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड या गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारियां साझा करते समय विशेष सावधानी बरतें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और www.cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।

वहीं, ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पिथौरागढ़ श्रीमती सुमन की अध्यक्षता में दयानन्द इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पिथौरागढ़ पुलिस की एएचटीयू टीम के अपर उपनिरीक्षक प्रेम बल्लभ छिम्वाल एवं कांस्टेबल रणवीर कम्बोज सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पीएलवी प्रतिनिधियों तथा सीडब्ल्यूसी संस्था के प्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, पॉक्सो अधिनियम-2012, लैंगिक अपराधों से बचाव और व्यक्तिगत सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी।

इस दौरान बच्चों को बताया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण अथवा उत्पीड़न की स्थिति में वे बिना भय के अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें और समय रहते सहायता प्राप्त करें।

पिथौरागढ़ पुलिस के इन जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क बनाने के साथ ही बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।

संदेश स्पष्ट है—डिजिटल सुरक्षा हो या बच्चों की सुरक्षा, जागरूकता और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। बच्चों की सुरक्षा, हम सबकी जिम्मेदारी।