पिथौरागढ़। सीमांत क्षेत्र की खूबसूरत चौदास घाटी में अपनी संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को सहेजने की एक अनूठी पहल देखने को मिल रही है। यहां महोत्सव की शुरुआत किसी बड़े आयोजन संस्थान या सरकारी तंत्र के भरोसे नहीं, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों के सामूहिक संकल्प और प्रयासों से हुई है। छलमा-छिलासों गांव के लोगों ने एकजुट होकर तीन दिवसीय महोत्सव आयोजित करने का बीड़ा उठाया है। रविवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ।
महोत्सव की शुरुआत मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद निकाली गई पारंपरिक कलश यात्रा से हुई। कलश यात्रा में छलमाछिलासों, सिर्दांग, रुग, हिमखोला, धारपांग और सिरखा सहित आसपास के गांवों की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर सीमांत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की खूबसूरत झलक पेश की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से शुभकामना संदेश देते हुए महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने चौदास घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं और स्थानीय समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। उन्होंने घाटी की सुंदर वादियों में आने की इच्छा भी जताई।
कार्यक्रम में भारतीय अल्पसंख्यक आयोग के पैनल सदस्य रूपेन्द्र अंशुल खेर, रं कल्याण संस्था के अध्यक्ष प्रकाश गुंज्याल, शिल्पकार संगठन के अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा और सभासद शकुंतला आगरी सहित अन्य अतिथियों ने प्रतिभाग किया। महोत्सव अध्यक्ष संजीव वर्मा और ग्राम प्रधान पूजा वर्मा ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन उपासना दताल, ज्योति मनराल और भारती वर्मा ने किया।
सरकारी सहयोग से आगे ग्रामीणों की अपनी पहल इस आयोजन की खास बात यह है कि सीमांत क्षेत्र के ग्रामीणों ने अपनी सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और चौदास घाटी को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से स्वयं एकजुट होकर इसकी जिम्मेदारी उठाई है। यह महोत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं, बल्कि सीमांत गांवों की एकता, सामूहिक भागीदारी और अपनी जड़ों से जुड़े रहने के संकल्प का भी प्रतीक बन रहा है।



