पिथौरागढ़। भारतीय सेना की 119 बटालियन के कमांडर ब्रिगेडियर गौतम पठानिया ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में जिला प्रशासन और भारतीय सेना के बीच आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में सीमांत क्षेत्र की सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण आवश्यकताओं पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। सड़क एवं संचार व्यवस्था, मोबाइल कनेक्टिविटी तथा अन्य सामरिक महत्व के विषयों को लेकर अधिकारियों ने आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की।
अधिकारियों ने सीमांत क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं के विकास और विभिन्न समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए प्रशासन एवं सेना के बीच बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने पर जोर दिया। इस दौरान क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने तथा संबंधित विषयों पर आपसी सहयोग बनाए रखने की बात कही गई।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में जिला प्रशासन और भारतीय सेना के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिले की विभिन्न आवश्यकताओं, विकास कार्यों और सामरिक महत्व के विषयों में प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग एवं समन्वय बनाए रखा जाएगा।


