डीडीहाट, 29 अगस्त 2026। नव युवक मंगल दल, ग्राम पंचायत हाट थर्प, डीडीहाट की ओर से पिछले 33 वर्षों से लगातार आयोजित किए जा रहे प्रतिष्ठित खेल टूर्नामेंट का शनिवार को उत्साह और खेल भावना के साथ शुभारंभ हुआ। नव युवक मंगल दल के अध्यक्ष शैलेन्द्र शाह के नेतृत्व में आयोजित इस खेल महोत्सव में क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन चल वैजयंती वॉलीबाल प्रतियोगिता के रूप में आयोजित यह टूर्नामेंट डीडीहाट की लंबे समय से चली आ रही खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।

उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष गिरीश चुफाल के साथ उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पुत्र आनंद रावत, दिवाकर पांगती, प्रकाश बोरा, चंचल चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य विक्रम देउपा, मोहन राम, ललित भंडारी, गिरधर बोरा, तहसील वार्ड के सभासद कविन्द्र शाही, सभासद सुभाष वार्ड सुजाता देवी, हिमांशु चुफाल, शेर सिंह चुफाल, बलवंत चौहान, बसंत जोशी और उमेद विश्वकर्मा सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

बारिश ने रोका मुकाबला टूर्नामेंट के पहले दिन का पहला मुकाबला जय हरुसैम, हाट और DAV डीडीहाट के बीच खेला गया। मुकाबले के पहले सेट में DAV डीडीहाट ने जीत दर्ज की। इसके बाद क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण खेल प्रभावित हुआ और दूसरा सेट स्थगित करना पड़ा।

ग्राम प्रधान मनोज भंडारी ने कहा कि 33 वर्षों से चली आ रही यह खेल परंपरा भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि डीडीहाट की धरती से निकलने वाली खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है और यहां से निकलने वाले खिलाड़ी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

रिपोर्ट: हर्षित मेहरा, डीडीहाट