पिथौरागढ़। आदि कैलाश परिक्रमा रन 2.0 के अंतिम दिन माउंटेन टेरेन बाइकिंग (MTB) रेसिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शामिल साइकिलिस्टों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्नी श्रीमती गीता धामी ने गुंजी से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दुर्गम पर्वतीय रास्तों और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत 50 किलोमीटर और 25 किलोमीटर की दो रेस श्रेणियां आयोजित की गईं। ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में साइकिलिस्टों ने अपनी शारीरिक क्षमता, साहस और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया।

50 किलोमीटर महिला वर्ग में स्टार नर्ज़री ने पहला स्थान प्राप्त किया। अवनी दरियाल दूसरे और स्वामी बोनाल तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, 50 किलोमीटर पुरुष वर्ग में खुशीमन ने प्रथम, प्रकाश थापा ने द्वितीय और थोथमचम ने तृतीय स्थान हासिल किया।

25 किलोमीटर पुरुष वर्ग में प्रांजल चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। अश्विन दूसरे और भानू तीसरे स्थान पर रहे।

आदि कैलाश परिक्रमा रन 2.0 के माध्यम से सीमांत क्षेत्र में साहसिक खेलों और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य आदि कैलाश और व्यास घाटी को साहसिक पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

आयोजकों की इस पहल से क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलने की उम्मीद है। ऐसे आयोजन सीमांत क्षेत्र में पर्यटन को नई गति देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के अवसर बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।