कनालीछीना (पिथौरागढ़)। विकासखंड कनालीछीना की बस्तड़ी ग्राम पंचायत की ग्राम प्रधान मंजू भट्ट का एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर उन्होंने समस्त ग्रामसभा की जनता का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास केवल ग्राम प्रधान की सोच और प्रयासों से संभव नहीं होता, बल्कि इसके लिए प्रत्येक ग्रामीण का सहयोग, विश्वास और सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण होती है।
ग्राम प्रधान मंजू भट्ट ने कहा कि बीते एक वर्ष के दौरान ग्राम पंचायत में जो भी विकास कार्य किए गए हैं, वे ग्रामवासियों के सहयोग और समर्थन के बिना संभव नहीं थे। उन्होंने कहा कि ग्रामवासियों ने हर कदम पर उनका साथ दिया, जिसके कारण विभिन्न जनहित और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सफलता मिली।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी ग्राम पंचायत के समग्र विकास, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही सभी ग्रामीणों के सहयोग से विकास कार्यों को और अधिक गति देने का प्रयास किया जाएगा।
ग्राम प्रधान के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर ग्रामसभा बस्तड़ी के ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके आगामी कार्यकाल के लिए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने विश्वास व्यक्त किया कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की गति आगे भी इसी प्रकार बनी रहेगी।


