पिथौरागढ़, 28 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड कनालीछीना में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल के निर्देशन और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक के नेतृत्व में आयोजित शिविर में कुल 116 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। संभावित टीबी एवं श्वसन संबंधी समस्याओं की पहचान के लिए 20 लोगों के चेस्ट एक्स-रे किए गए, जबकि आवश्यकतानुसार एक व्यक्ति का सैंपल भी लिया गया।
शिविर में गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने 74 लोगों के रक्तचाप और ब्लड शुगर की जांच की। जांच के बाद 74 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। इसके अलावा चार लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, रक्तचाप और रक्त शर्करा को नियंत्रित रखने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए जागरूक किया। लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और विभिन्न रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचाना है, ताकि उन्हें जांच, परामर्श और उपचार के लिए अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े। शिविर में स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं का लाभ उठाया। _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज


