पिथौरागढ़। उत्तराखंड में गुटखा और तंबाकू युक्त उत्पादों पर प्रतिबंध को लेकर चर्चाओं के बीच अब खाद्य सुरक्षा विभाग के बयान से नई स्थिति स्पष्ट हुई है। पिथौरागढ़ के असिस्टेंट फूड कमिश्नर आरके शर्मा के अनुसार, गुटखा और तंबाकू के संयुक्त पैकेट पर चालान की कार्रवाई की जाएगी, जबकि व्यापारी इन्हें अलग-अलग पैकेट में बेच सकते हैं।

आरके शर्मा ने स्पष्ट किया कि विभाग की ओर से पूर्व में लागू व्यवस्था के अनुसार ही कार्रवाई की जाएगी और पुराने आदेश को एक वर्ष के लिए रिवाइज किया गया है। उनके इस बयान के बाद प्रतिबंध के स्वरूप और इसके प्रचार-प्रसार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

हाल ही में गुटखा और पान मसाले पर प्रतिबंध को लेकर सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार किया गया। इस कार्रवाई को जनस्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी जताया गया। लेकिन अब खाद्य सुरक्षा विभाग के बयान के बाद लोगों के मन में सवाल है कि प्रतिबंध वास्तव में किन उत्पादों पर लागू है और व्यापारियों को किन नियमों का पालन करना होगा।

यदि संयुक्त पैकेट पर कार्रवाई होनी है और अलग-अलग पैकेट बेचने की अनुमति है, तो आम जनता के लिए प्रतिबंध की वास्तविक सीमा को स्पष्ट करना जरूरी है।

इसी बीच सोशल मीडिया पर अल्मोड़ा पुलिस द्वारा चालानी कार्रवाई किए जाने का वीडियो भी सामने आया है। जब इस कार्रवाई के संबंध में असिस्टेंट फूड कमिश्नर आरके शर्मा से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि इस विषय में सही और स्पष्ट जवाब पुलिस से मिल सकता है।

इस बयान के बाद यह सवाल भी उठता है कि खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की कार्रवाई के बीच नियमों को लेकर आम जनता और व्यापारियों को स्पष्ट जानकारी कौन देगा?

एक ओर प्रतिबंध को लेकर व्यापक प्रचार किया गया, दूसरी ओर खाद्य सुरक्षा विभाग संयुक्त पैकेट पर कार्रवाई और अलग-अलग पैकेट की बिक्री की अनुमति की बात कह रहा है। ऐसे में जरूरी है कि संबंधित विभाग प्रतिबंधित उत्पादों, बिक्री के नियमों और चालानी कार्रवाई के आधार को लेकर स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करें।

अब बड़ा सवाल यह है कि जब प्रतिबंध को लेकर इतना प्रचार किया गया, तो क्या सरकार और संबंधित विभाग जनता को बताएंगे कि उत्तराखंड में गुटखा और तंबाकू उत्पादों की बिक्री को लेकर वास्तविक नियम क्या हैं?

जनस्वास्थ्य और व्यापारियों के हितों से जुड़े इस मामले में स्पष्ट दिशा-निर्देश ही भ्रम दूर कर सकते हैं।