पिथौरागढ़। जनपद की प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने और यातायात को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाई है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देशों के क्रम में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा विभिन्न मार्गों पर गड्ढे भरने, सड़क सुदृढ़ीकरण और डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
इसी क्रम में वड्डा–अड़किनी–क्वीतड़ मोटर मार्ग पर उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा की निगरानी में सड़क सुधार कार्य किया जा रहा है। मार्ग पर गड्ढों को भरने के साथ ही आवश्यक स्थानों पर डामरीकरण कराया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
वहीं, एनएच-9 पर धारचूला रोड स्थित गेरीफ गेट के पास लंबे समय से खराब सड़क पर भी डामरीकरण का कार्य प्रगति पर है। इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को सड़क की खराब स्थिति के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में मरम्मत कार्य पूरा होने से सड़क की स्थिति में सुधार और यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सड़कों के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत करने और आवागमन को सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा सड़क सुधार कार्यों की निगरानी भी की जा रही है।
अब लोगों की निगाहें इन कार्यों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पूरा होने पर टिकी हैं, ताकि जनपदवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।


