पिथौरागढ़। घाट–पिथौरागढ़ मार्ग पर बीती रात पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क पर अचानक आए पत्थर से बचने के प्रयास में एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट पर चढ़ गया और विद्युत पोल से टकराकर रुक गया।
गनीमत रही कि हादसे में वाहन चालक समेत सभी सवारियां सुरक्षित रहीं। घटना की सूचना के बाद चौकी घाट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से जेसीबी के जरिए वाहन को सुरक्षित बाहर निकलवाया।
वाहन को सड़क से हटाने के बाद सभी यात्रियों को सकुशल उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। हादसे के बाद पुलिस ने पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
पुलिस ने कहा कि बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में पत्थर और मलबा गिरने की आशंका बनी रहती है। ऐसे संवेदनशील स्थानों पर वाहन की गति नियंत्रित रखें और सड़क पर अचानक आने वाले खतरे से बचने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतें।
पुलिस की अपील है कि पहाड़ी मार्गों पर सावधानी से वाहन चलाएं—क्योंकि आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है।


