पिथौरागढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के घाट बैंड स्लाइड जोन में लगातार पहाड़ी से पत्थर और मलबा आने के कारण जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शनिवार सुबह अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक जीबी जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने घाट बैंड पहुंचकर मौके की स्थिति का जायजा लिया।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि NH-09 पिथौरागढ़ की जनता के लिए लाइफ लाइन है, इसलिए मार्ग को खोलने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जाए। उन्होंने एनएच अधिकारियों को निर्देश दिए कि मलबा हटाने का काम इस तरह किया जाए कि सड़क खोलने के साथ-साथ संभव होने पर यातायात भी सुचारू रखा जा सके।
उन्होंने मलबा हटाने के लिए ऊपर से रैंप बनाकर सड़क को साफ करने तथा मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। बारिश रुकते ही दोनों ओर से मलबा हटाने का कार्य तेज गति से करने को कहा गया।
स्थायी समाधान तलाशने के निर्देश अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों से स्लाइड जोन की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में भी ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि लगातार हो रहे भूस्खलन से लोगों को स्थायी राहत मिल सके।
उन्होंने आमजन से अपील की कि प्रतिकूल मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। मौसम विभाग के पूर्वानुमान और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा की योजना बनाएं।
बारिश के कारण मलबा हटाने में आ रही बाधा सहायक अभियंता एनएच लोहाघाट डीएस जरमाल ने बताया कि बारिश के दौरान घाट बैंड के स्लाइड जोन में लगातार पत्थर गिरने और मलबा आने के कारण सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग मार्ग को खोलने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है और मौसम में मौका मिलते ही मलबा हटाने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
— कपिल भट्ट | VANI NEWS


