पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बुधवार को जिला कोषागार का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोषागार के दोतालक कक्ष सहित विभिन्न कक्षों में रखी महत्वपूर्ण एवं बहुमूल्य वस्तुओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कोषागार में सुरक्षित रखे स्टांप, बहुमूल्य वस्तुओं, परीक्षा संबंधी सामग्री तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध अभिलेखों और सामग्री की गणना कर व्यवस्थाओं का सत्यापन किया।

मुख्य कोषाधिकारी दीपक जोशी ने जिलाधिकारी के समक्ष कोषागार में सुरक्षित सभी वस्तुओं, स्टांप एवं अन्य सामग्री का संपूर्ण विवरण प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने अभिलेखों में दर्ज विवरण और मौके पर उपलब्ध सामग्री का मिलान करते हुए आवश्यक जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कोषागार की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महत्वपूर्ण दस्तावेजों एवं बहुमूल्य वस्तुओं की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।