पिथौरागढ़। देव सिंह मैदान से विजडम तिराहा तक राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति को जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने गंभीरता से लिया है। सड़क पर गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण लोगों को हो रही परेशानी पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए सड़क को तीन दिन के भीतर दुरुस्त कर आवागमन सुचारु करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के संबंध में संबंधित अधिकारियों को पूर्व में भी कई बार अवगत कराया गया था, इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए स्पष्ट किया कि जनसुविधा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को मौके पर तत्काल निरीक्षण करने तथा सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों, गड्ढों और अन्य कमियों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि देव सिंह मैदान से विजडम तिराहा तक का मार्ग नगर क्षेत्र का महत्वपूर्ण मार्ग है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों एवं वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति से आमजन को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
गुणवत्ता के साथ काम करने के निर्देश जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को सड़क मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य केवल खानापूर्ति तक सीमित न रहे, बल्कि सड़क के खराब हिस्सों को प्रभावी ढंग से ठीक किया जाए। कार्य पूरा होने के बाद इसकी स्थलीय जांच और गुणवत्ता की भी पुष्टि की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे केवल निर्देश जारी करने तक सीमित न रहें, बल्कि मौके पर जाकर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की स्वयं निगरानी करें।
समयसीमा में काम नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि तीन दिन की निर्धारित समयसीमा में सड़क मार्ग दुरुस्त नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता से जुड़ी समस्याओं की अनदेखी या कार्यों में अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को भविष्य में ऐसी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
_ कपिल भट्ट वाणी न्यूज


