थल, पिथौरागढ़। अमरनाथ और वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा से लौटे तीर्थयात्रियों का दल हर वर्ष की भांति इस बार भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर थल के पौराणिक बालेश्वर महादेव मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन करने जा रहा है। 15 अगस्त को आयोजित होने वाले इस भंडारे में क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की जाएगी।
सेवा समिति दल के नायक दीपक भैसोड़ा और गुड्डू पाठक ने बताया कि समिति की ओर से पिछले 9 वर्षों से लगातार 15 अगस्त को भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस सेवा परंपरा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को प्रसाद उपलब्ध कराने के साथ ही धार्मिक एवं सामाजिक सेवा को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त की सुबह बालेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। भगवान को भोग लगाने के बाद सुबह 11 बजे से भंडारा शुरू होगा, जो दोपहर 3 बजे तक चलेगा।
सेवा समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। समिति के सदस्यों ने कहा कि धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए क्षेत्रवासियों का सहयोग और सहभागिता महत्वपूर्ण है।
रिपोर्ट—अनिल कार्की, थल


