थल, पिथौरागढ़। पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के सुख-दुख में सहभागी बनना भी है। इसी मानवीय सोच के साथ थल थाना पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

थानाध्यक्ष थल गणेश दत्त भट्ट के नेतृत्व में अ.उ.नि. भुवन चन्द्र पाण्डेय, अ.उ.नि. विनोद भट्ट, हे.का. प्रेम पुरी, ना.पु. नवीन राणा एवं का. ललित मोहन कोहली सहित पुलिस टीम ने कुमालगांव, मस्मोली, पाखूं, डोनू, कोटगाड़ी, तुरगोली, बौगाड़ आदि ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण किया।

इस दौरान पुलिस कर्मियों ने बुजुर्गों के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। पुलिस टीम ने जरूरतमंदों को हर संभव सहायता एवं सहयोग का भरोसा दिलाया।

पुलिस ने विशेष रूप से अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से नियमित संपर्क बनाए रखने की बात कही। साथ ही किसी भी प्रकार की परेशानी अथवा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस से सहायता लेने की अपील की।

ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई। पुलिस टीम ने भरोसा दिलाया कि जरूरत के समय पुलिस हरसंभव सहायता के लिए तत्पर रहेगी। ANIL KARKI :THAL