पिथौरागढ़। बुंगाछीना से हरिनंदा मंदिर, अलगड़ा होते हुए चंडिका घाट तक जाने वाली सड़क की हालत बेहद दयनीय बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई डामर की परत के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर लगभग दो वर्ष पूर्व हॉटमिक्स डामरीकरण का कार्य कराया गया था, लेकिन इतने कम समय में ही सड़क की परत उखड़ने लगी है। उनका आरोप है कि सड़क की वर्तमान स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क कई गांवों को जोड़ने के साथ-साथ हरिनंदा मंदिर और चंडिका घाट आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क की बदहाली के कारण रोजाना वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने तथा निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो सकती है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाएगी।