पिथौरागढ़। नगर निगम कार्यालय के निकट फॉरेस्ट कॉलोनी रोड स्थित एक पुराने शैली के मकान में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई। आग की सूचना 18 अगस्त 2026 को प्रातः करीब 3:22 बजे आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र पिथौरागढ़ की फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर फायर कर्मियों ने देखा कि मकान पूरी तरह विकराल आग की चपेट में था और आग तेजी से फैल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर कर्मियों ने मोटर फायर इंजन से पंपिंग कर तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अतिरिक्त फायर टेंडर भी मौके पर बुलाया गया।

दोनों फायर इंजनों द्वारा रिले पंपिंग के माध्यम से लगातार पानी की बौछार की गई। फायर कर्मियों ने होजरील और ब्रीदिंग अपरेटस की सहायता से कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया।

फायर यूनिट की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ के चलते आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। साथ ही आसपास स्थित मकानों को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार आग से प्रभावित मकान मनोज सिंह चौहान, निवासी फॉरेस्ट कॉलोनी रोड, नगर निगम कार्यालय के निकट, पिथौरागढ़ का बताया गया है। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आग लगने के कारणों और संपत्ति के नुकसान का विस्तृत आकलन संबंधित स्तर से किया जा रहा है।