पिथौरागढ़, 23 अक्टूबर। नगर निगम पिथौरागढ़ की ओर से भाटकोट में नवनिर्मित ध्यान योग केंद्र का शुक्रवार को मेयर कल्पना देवलाल ने विधिवत शुभारंभ एवं लोकार्पण किया। इस दौरान भाटकोट वार्ड के पार्षद डेरिक वारस्टन सहित नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

नगर निगम की ओर से विकसित इस योग केंद्र को शहरवासियों के लिए स्वास्थ्य, फिटनेस और मानसिक शांति के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में तैयार किया गया है। योगाभ्यास के लिए विशेष रूप से निर्मित भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर वातावरण उपलब्ध कराया गया है, जिससे लोगों को नियमित योग और ध्यान के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा।

लोकार्पण के अवसर पर मेयर कल्पना देवलाल ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना तथा फिट इंडिया के संदेश को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि योग और स्वास्थ्य को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकसित यह केंद्र लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवन जीने के लिए प्रेरित करेगा।

उन्होंने उम्मीद जताई कि ध्यान योग केंद्र शहरवासियों के लिए नियमित योगाभ्यास और मानसिक शांति प्राप्त करने का उपयोगी माध्यम बनेगा। इससे लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ ही योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने में भी मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में पार्षद नीरज कोटारी, पार्षद मोहित चौमाली, पार्षद पृथ्वीराज बिष्ट, पार्षद भूपेंद्र कठायत, पार्षद नीरज जोशी, पार्षद पुष्पा उप्रेती, पार्षद रवि जंग, सहायक अभियंता उमेश अवस्थी, अभियंता नंदाबल्लभ पांडेय, अभियंता गिरीश जोशी, सुश्री प्रशंसा सिंह, सेवानिवृत्त खंड विकास अधिकारी एल.एस. पालीवाल, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी पी.एस. जीनिया, चंद्रशेखर जोशी और राजेंद्र पांडेय समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।