पिथौरागढ़। DIPR UK भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के मद्देनज़र पिथौरागढ़ जनपद में सोमवार, 20 जुलाई 2026 को सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज से अति तेज वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए कक्षा 1 से कक्षा 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय (सहायता प्राप्त) एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक एवं माध्यमिक), सभी खंड शिक्षा अधिकारियों तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) को आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक रूप से बच्चों को घर से बाहर न भेजें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। यदि मौसम की स्थिति में कोई बदलाव होता है तो उसकी जानकारी प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी की जाएगी।


