पिथौरागढ़। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर मुनस्यारी क्षेत्र के धापा बैंड में बैली ब्रिज टूटने का एक पुराना वीडियो प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। वीडियो में एक ट्रक पोकलेन मशीन लेकर बैली ब्रिज से गुजरता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान पुल टूटकर नीचे गिर जाता है। बताया जा रहा है कि यह घटना जून 2020 की है, लेकिन वर्तमान में वीडियो प्रसारित होने से लोगों में भ्रम और भय की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।
मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने पुरानी घटना के वीडियो को वर्तमान की घटना के रूप में प्रसारित किए जाने को गंभीरता से लिया है। उन्होंने जिला आपदा प्रबंधन को संबंधित सोशल मीडिया संचालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, इस प्रकार के भ्रामक एवं तथ्यहीन प्रचार-प्रसार के मामलों में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो या सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और प्रामाणिकता की पुष्टि अवश्य करें। उन्होंने कहा कि पुरानी घटनाओं के वीडियो को वर्तमान की घटना बताकर प्रसारित करने से लोगों में अनावश्यक भ्रम और भय का माहौल बन सकता है।
उन्होंने लोगों से भ्रामक वीडियो पोस्ट करने और उन्हें बिना पुष्टि के आगे साझा करने से बचने की अपील की। साथ ही, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी सूचना को प्रसारित करने से पहले उसके तथ्य जांचने पर जोर दिया।


