पिथौरागढ़, 29 अगस्त। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ यातायात पुलिस ने शनिवार को विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। प्रभारी यातायात अपर उप निरीक्षक गोविन्द कोश्यारी के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने दयासागर इंटर कॉलेज और मिशन इंटर कॉलेज, पिथौरागढ़ में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों तथा विभिन्न यातायात संकेतों के बारे में बताया गया। पुलिस ने छात्रों से यातायात नियमों का स्वयं पालन करने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
जागरूकता कार्यक्रम के बाद यातायात पुलिस टीम ने दोनों विद्यालयों की स्कूल बसों का निरीक्षण और चेकिंग की। इस दौरान बस चालकों और विद्यालय प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूल बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को न बैठाया जाए। साथ ही वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार के नशे का सेवन न करने और बसों में लगे सीसीटीवी कैमरों को सुचारू रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए गए।
यातायात पुलिस ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्कूल वाहनों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा।


