पिथौरागढ़, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पिथौरागढ़ पेडलर्स द्वारा 15 किलोमीटर से अधिक लंबी साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से युवाओं ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और अनुशासित साइकिलिंग का संदेश दिया।
पिथौरागढ़ पेडलर्स की टीम इससे पूर्व भी बीते सप्ताह 60 किलोमीटर से अधिक की साइकिल यात्रा पूरी कर चुकी है। समूह द्वारा लगातार साइकिलिंग गतिविधियों का आयोजन कर युवाओं और आम नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार साइकिलिंग के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
स्वतंत्रता दिवस की रैली में अंशुमान बोहरा, कुणाल चंद, अभिषेक राजन, पारस चंद, दीपेश कापड़ी, उमेश कुमार तथा लोकेश शर्मा ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनकर और यातायात नियमों का पालन करते हुए अनुशासित तरीके से साइकिलिंग की।
इस दौरान पेडलर्स ने संदेश दिया कि साइकिलिंग केवल स्वस्थ जीवनशैली का माध्यम नहीं, बल्कि स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। आयोजन के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जोड़ते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन किया गया।
बीसाबजेड इंटर कॉलेज में रंगारंग कार्यक्रम वहीं इंटर कॉलेज बीसाबजेड में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रसिद्ध रंगकर्मी जनार्दन उप्रेती "जन्नू दा" और लोकगायक सुरेश प्रसाद सुरीला की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर देशभक्ति और लोक संस्कृति की शानदार झलक पेश की।
समारोह के दौरान जिला पंचायत सदस्य राकेश चंद ने विद्यालय को 50 कुर्सियां और 50 टेबल भेंट करने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए सहयोग जारी रखने की बात कही।
समारोह में मुख्य अतिथि जगदीश चंद, लोकपाल जगदीश कलौनी, प्रधानाचार्य अशोक कुमार, स्कूल प्रबंधक चंद्री चंद, दीपा तिवारी, जिला पंचायत सदस्य राकेश चंद, पीटीए अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह घोटा, सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र सिंह घोटा, पूर्व अर्द्धसैनिक बल अध्यक्ष जगत सिंह सौन और शिक्षाविद मोहन चंद सहित अन्य लोगों ने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन रमेश चंद रजवार ने किया। समारोह में देशभक्ति के साथ शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
रिपोर्ट – जगदीश चंद्र कलौनी, पिथौरागढ़


