पिथौरागढ़। स्व. जगजीवन राम राजकीय मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ में आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कक्षाएं शुरू होने से पूर्व की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित कार्य युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि मेडिकल कॉलेज में करीब 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के साथ ही निर्माण एवं अन्य व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने लाइब्रेरी, क्लासरूम, लैब, हॉस्टल और मैस समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि कक्षाएं शुरू होने से पहले सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह तैयार होनी चाहिए। साथ ही बिजली व्यवस्था और फायर ऑडिट का कार्य भी समय से पूरा करने को कहा।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज में जलापूर्ति, नेटवर्क कनेक्टिविटी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कक्षाओं के संचालन के लिए आवश्यक फैकल्टी की व्यवस्था तथा फैकल्टी के आवास से संबंधित कार्य भी समय से पूरा करने को कहा।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एके सिंह ने बताया कि आगामी अक्टूबर माह में प्रथम बैच की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि कक्षाएं संचालित करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं युद्ध स्तर पर पूरी की जा रही हैं।
गौरतलब है कि राजकीय मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ को नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) से 50 एमबीबीएस सीटों की अनुमति हाल ही में प्राप्त हुई है। इसके बाद कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, अधिशासी अभियंता सीएनडीएस हरीश प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


