मुवानी (पिथौरागढ़)। राजकीय महाविद्यालय मुवानी में सत्र 2026-27 के छात्र संघ पदाधिकारी घोषणा एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस वर्ष छात्र संघ का गठन निर्विरोध रूप से हुआ। अध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर नामांकन प्राप्त होने के बाद दोनों पदों पर निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

निर्वाचन अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि बीए पंचम सेमेस्टर की मनीषा चंद अध्यक्ष तथा सोनिया राठौर विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। छात्र संघ के अन्य पदों पर कोई पदाधिकारी निर्वाचित नहीं हुआ।

निर्वाचन परिणाम की घोषणा के बाद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश चंद्र पंत ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने दोनों पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र संघ विद्यार्थियों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं को सकारात्मक एवं लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासन के समक्ष रखने तथा महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और विकास में सहयोग करने का आह्वान किया।

निर्वाचन अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने कहा कि छात्र संघ का निर्विरोध गठन विद्यार्थियों के बीच आपसी समन्वय और सकारात्मक वातावरण को दर्शाता है। उन्होंने नव निर्वाचित पदाधिकारियों से सभी विद्यार्थियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को उचित मंच तक पहुंचाने की अपेक्षा जताई।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजकमल किशोर ने किया। उन्होंने छात्र संघ के लोकतांत्रिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और विद्यार्थियों से छात्र संघ की गतिविधियों में रचनात्मक सहभागिता करने की अपील की।