पिथौरागढ़, 31 अगस्त। नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सितंबर माह के दौरान स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से नागरिकों को उनके वार्ड में ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और जरूरत के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। सोमवार को नगर निगम बोर्ड सभागार में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशान्त कौशिक, सहायक नगर आयुक्त रामदेव जायसी और पार्षदों की मौजूदगी में शिविरों के आयोजन को लेकर बैठक हुई।

बैठक में बताया गया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पार्षदों के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सुविधाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाने के साथ ही बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार सुनिश्चित करना है।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशान्त कौशिक ने बताया कि शिविरों में नागरिकों को निःशुल्क एक्स-रे, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, डेंटल चेकअप और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा मिलेगी। जांच के बाद चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनजागरूकता के साथ समय पर जांच बेहद जरूरी है। वार्ड स्तर पर शिविर लगने से उन लोगों को भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा, जो किसी कारण से अस्पताल तक नहीं पहुंच पाते हैं।

सहायक नगर आयुक्त रामदेव जायसी ने कहा कि स्वास्थ्य शिविरों के जरिए नागरिकों को अपने ही वार्ड में स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी। प्रत्येक वार्ड के लिए रोस्टर तैयार कर चिन्हित स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के सफल आयोजन के लिए नगर निगम की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

बैठक में पार्षद दिनेश कापड़ी, पुष्पा उप्रेती, अंशु नागी, पवन पाटनी, रविन्द्र बिष्ट, कमलेश जोशी, भूपेन्द्र कठायत, एलएम भट्ट, रवि मेहता, नीरज कोठारी, डेरिक वास्टन, रवि जंग और सौरभ भण्डारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज