पिथौरागढ़। पंडित दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के अंतर्गत पर्यटन विभाग उत्तराखंड एवं जिला प्रशासन की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित निःशुल्क तीर्थ यात्रा के तहत पिथौरागढ़ से 36 श्रद्धालुओं का दल श्री बद्रीनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना हुआ।
नगर निगम महापौर कल्पना देवलाल ने श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए दल को रवाना किया। उन्होंने सभी यात्रियों के सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय तीर्थाटन की कामना की।
इस अवसर पर योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पंडित दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के माध्यम से राज्य सरकार प्रदेश में तीर्थाटन और पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान कर रही है।
यात्रियों ने भी इस पहल के लिए सरकार एवं प्रशासन का आभार जताया और बद्रीनाथ धाम यात्रा को लेकर उत्साह व्यक्त किया।
इस अवसर पर पर्यटन उप निदेशक अतुल भंडारी, राज धामी, किरण ऐरी, यात्रा प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं सभी यात्री उपस्थित रहे। _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज


