पिथौरागढ़, 28 अक्टूबर। शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और पैदल यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर ‘सरल बात’ समूह ने नगर निगम की मेयर, जिलाधिकारी और प्रभारी पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर ठोस कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन की ओर से समूह के सदस्यों को समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
समूह के संयोजक मंडल के सदस्य भूपेश सिंह बोरा, चंद्र प्रकाश पुनेड़ा और प्रकाश चंद्र पुनेठा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सड़क सुरक्षा और पैदल यात्रियों की समस्याओं से संबंधित विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में शहर की सड़कों पर फुटपाथ, जेब्रा क्रॉसिंग, सीसीटीवी कैमरों और स्पीड ब्रेकर जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। समूह ने कहा कि तेज रफ्तार से दौड़ने वाले बाइकर्स और अन्य वाहनों के कारण पैदल चलने वालों के लिए सड़क पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है। शहर की सड़कों पर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित स्थान और पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।
समूह ने अपने ज्ञापन में ‘पैदल चलने के अधिकार’ (Right to Walk) को लेकर न्यायिक दृष्टांतों और संबंधित वाद-विवरणों का भी उल्लेख किया। सदस्यों ने कहा कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सड़क पर उनके अधिकारों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि आम नागरिक बिना किसी भय के आवागमन कर सकें।
शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए समूह ने मेयर सहित शासन-प्रशासन से इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया। समूह का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन और सुरक्षित आवागमन से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है।
‘सरल बात’ समूह ने स्पष्ट किया कि शहर की बुनियादी समस्याओं को लेकर उसका प्रयास आगे भी जारी रहेगा। समूह गांधीवादी मूल्यों और शांतिपूर्ण तरीकों के माध्यम से नागरिकों तथा संबंधित अधिकारियों को जागरूक करने का काम करेगा। सदस्यों ने सवाल उठाया कि 21वीं सदी के डिजिटल दौर में सड़क पर इतनी अव्यवस्था और असुरक्षा क्या एक सभ्य, सुसंस्कृत और कानूनसम्मत समाज की पहचान हो सकती है?
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में परवेज खान, उमेश चंद्र तिवारी, मनोज मखौलिया, योगेन्द्र चंद, ऊषा पंत, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, धीरज पटियाल सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।


