देहरादून/पिथौरागढ़, 02 अगस्त 2026 | VANI NEWS भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखंड प्रदेश के एनजीओ प्रकोष्ठ द्वारा देहरादून में आयोजित "समन्वय एवं विकास सम्मेलन" में पिथौरागढ़ जनपद के प्रख्यात शिक्षाविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता विप्लव भट्ट को उनके अभिनव शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 विशिष्ट व्यक्तित्वों का चयन इस सम्मान के लिए किया गया, जिनमें पिथौरागढ़ से विप्लव भट्ट को यह गौरव प्राप्त हुआ।
विप्लव भट्ट पिछले कई वर्षों से "नन्ही चौपाल" पहल के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। इस पहल के तहत बाल मनोविज्ञान एवं बाल विज्ञान पर आधारित विभिन्न गतिविधियों का सफल संचालन किया जा रहा है, जिससे बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, जिज्ञासा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास हो रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में उनका यह नवाचार राज्यभर में सराहना का विषय बना हुआ है।
सम्मेलन में सम्मान प्राप्त होने पर पिथौरागढ़ सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है। इस उपलब्धि पर एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स कमेटी, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. किशोर कुमार पंत, वाणी समाचार के कपिल भट्ट, समाजसेवी गीतांजली बिष्ट, कविता वल्दिया, भाव-राग-ताल के कैलाश कुमार, अभिलाषा एकेडमी, डीडीहाट के प्रबंधक चंचल सिंह सहित जिले के अनेक सामाजिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारियों ने विप्लव भट्ट को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बधाई संदेश में वक्ताओं ने कहा कि यह सम्मान केवल विप्लव भट्ट की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे पिथौरागढ़ जनपद की शिक्षा, नवाचार और सामाजिक चेतना से जुड़े प्रयासों का सम्मान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि "नन्ही चौपाल" भविष्य में भी बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी तथा प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि यदि शिक्षा को नवाचार और सामाजिक सरोकारों के साथ जोड़ा जाए, तो उससे समाज में सकारात्मक और दीर्घकालिक परिवर्तन संभव है। विप्लव भट्ट का यह सम्मान पिथौरागढ़ के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।


